सरगुजा संभाग

धान रोपाई के दौरान खेत बना रणभूमि, जम कर चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार, युवती को दी रेप की धमकी, सरपंच समेत 10 पर मामला दर्ज

जशपुर ( शिखर दर्शन ) // जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर के टुकुपखना गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धान रोपाई के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंचे लोगों ने दो ट्रैक्टरों से खेत में लगी धान की फसल रौंद दी। विरोध करने पर महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने सरपंच सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती को दुष्कर्म की धमकी देने का आरोप

शिकायतकर्ता संजय बड़ा और अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भगवानो यादव एवं अन्य लोग विवादित खेत में पहुंचे, जातिसूचक गालियां दीं और खेत खाली करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मिलो बाई के साथ मारपीट की गई। वहीं बीच-बचाव करने पहुंची एक युवती के साथ अभद्रता कर उसे जबरन ले जाने तथा दुष्कर्म की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने सरपंच गरीब साय समेत 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।

दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरे पक्ष के भगवानो यादव ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि विवादित भूमि राजस्व अभिलेख में खसरा नंबर 73/14, रकबा 0.421 हेक्टेयर, धनेश्वर पिता लालो के नाम दर्ज है। उनका कहना है कि दूसरा पक्ष इसी जमीन पर अपना दावा कर विवाद कर रहा है।

सरपंच बोले- महिलाओं के बीच हुई कहासुनी

ग्राम सरपंच गरीब साय ने बताया कि विवाद उनके सामने हुआ था। उनके अनुसार पहले महिलाओं के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद झूमाझटकी की स्थिति बनी। उन्होंने अन्य गंभीर आरोपों को निराधार बताया।

पुलिस ने शुरू की जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि धान रोपाई के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!