सोनम वांगचुक के समर्थन में रायपुर में प्रदर्शन, पेपर लीक पर छात्रों ने उठाई आवाज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // दिल्ली के जंतर-मंतर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हटाए जाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर रविवार को रायपुर में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में छात्र-युवा बारिश के बीच तख्तियां और पोस्टर लेकर जुटे तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई।
पेपर लीक पर जताया आक्रोश
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और निष्पक्ष बनाया जाए तथा नीट सहित अन्य परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
युवाओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सोनम वांगचुक भी आवाज उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी और स्थायी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल नहीं उठना चाहिए।
शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन
अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। छात्र-युवा संगठनों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे।



