जीरो टॉलरेंस का बड़ा संदेश: दिवंगत आरक्षक के परिवार से 19 लाख की कथित वसूली में थाना प्रभारी गिरफ्तार , सह आरोपी एक अधिवक्ता फरार !

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नारायणपुर में बड़ी कार्रवाई की गई है। सड़क दुर्घटना में दिवंगत डीएसएफ आरक्षक धनेश्वर नुरेटी की पत्नी को मिली एक करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा राशि के मामले में कथित अवैध वसूली के आरोप पर तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में एक अधिवक्ता की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना में डीएसएफ आरक्षक धनेश्वर नुरेटी की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी के बैंक खाते में भारतीय स्टेट बैंक के वेतन पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा राशि जमा हुई थी। आरोप है कि तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव और अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा ने बीमा राशि दिलाने के नाम पर मृतक के परिजनों से 19 लाख रुपये ले लिए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों ने शेष बीमा राशि में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की। परिजनों के विरोध करने पर उन्हें न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराने, कानूनी कार्रवाई में फंसाने और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की धमकी दी गई। अतिरिक्त राशि की मांग से परेशान होकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कोतवाली नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 308 तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वहीं सह-आरोपी अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की विवेचना और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि कानून लागू कराने वाले तंत्र में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्टाचार, अवैध वसूली या अन्य अनियमितताओं में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों का विश्वास बनाए रखना अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।



