अगले 48 घंटे छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में मनेन्द्रगढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदाबाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं कुकदुर, मनोरा, पेण्ड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम सुहावना बना रहेगा।
इन मौसमी प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है।
वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।



