रायपुर संभाग

अगले 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में तेज वर्षा की चेतावनी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले छह से सात दिनों के लिए देशभर का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने की जानकारी दी है। विभाग ने छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, वज्रपात, तेज हवाओं और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ व भूस्खलन की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ में 23 जुलाई तक तेज बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 19 से 25 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ में 20 से 23 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 19 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर भारत में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग दिनों में व्यापक वर्षा का अनुमान है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ की स्थिति बन सकती है।

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में भी अलर्ट

बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में लगातार वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रहेगा। मेघालय में अत्यंत भारी वर्षा का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिम और दक्षिण भारत में भी होगी बारिश

कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भी कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

आईएमडी ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने तथा बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय प्रशासन और ताजा मौसम चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!