इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर लव ट्रैप और ब्लैकमेल: अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी 900 किमी दूर से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर अश्लील वीडियो वायरल करने और ब्लैकमेल करने वाले एक आरोपी को चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से गिरफ्तार किया है। साइबर सेल की तकनीकी जांच के आधार पर करीब 900 किलोमीटर दूर तक पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मार्च 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद वीडियो कॉल होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने युवती की जानकारी के बिना वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर लिया।
इसके बाद आरोपी रिकॉर्ड किए गए अश्लील वीडियो के जरिए युवती को लगातार ब्लैकमेल करने लगा। जब पीड़िता ने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर साइबर सेल की सहायता से जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन कोलकाता में मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर 19 वर्षीय अमल रैन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



