इलाज में लापरवाही से गई घायल की जान? परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप, एफआईआर की मांग

नोबल अस्पताल में इलाज पर उठे सवाल, मरीज की मौत के बाद परिजनों का हंगामा
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सड़क दुर्घटना में घायल एक मरीज की इलाज के दौरान मौत के बाद न्यायधानी बिलासपुर स्थित महाराणा प्रताप मार्ग के नोबल हॉस्पिटल पर उपचार में लापरवाही के आरोप लगे हैं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने इलाज में देरी का लगाया आरोप
मृतक अजय ताम्रकार के परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए नोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने भर्ती के समय उपचार के लिए राशि जमा करा ली, लेकिन ऑपरेशन दो दिन बाद किया गया। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद अजय की मौत हो गई, जिसके लिए अस्पताल की कथित लापरवाही जिम्मेदार है।

मृतक
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज पहले से ही गंभीर स्थिति में था और वह उच्च रक्तचाप तथा मधुमेह जैसी बीमारियों से भी पीड़ित था। अस्पताल के अनुसार, परिजनों को उपचार शुरू करने से पहले ही मरीज की गंभीर स्थिति और संभावित जोखिमों की जानकारी दे दी गई थी।
ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर पर भी उठाए सवाल
परिजनों ने अस्पताल के दावों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज को केवल गर्दन के नीचे की हड्डी में चोट लगी थी और ऑपरेशन किया जाना था। उनका आरोप है कि अस्पताल ने समय पर उचित उपचार नहीं दिया। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर का नाम और हस्ताक्षर अस्पताल के दस्तावेजों में दर्ज नहीं हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




