सरगुजा संभाग

पारिवारिक रंजिश में बहू ने रची ससुर की हत्या की साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा

हाथ-पैर बांधकर की गई थी बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, बहू समेत चार आरोपी गिरफ्तार

जशपुर ( शिखर दर्शन ) // दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर में 70 वर्षीय बुजुर्ग चुगरू प्रधान की हत्या के सनसनीखेज मामले का जशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पारिवारिक रंजिश में मृतक की बहू ने ही अपने ससुर की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता बहू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार एवं एसडीओपी जशपुर के मार्गदर्शन में की गई।

घर में मिला था बुजुर्ग का शव

4 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू प्रधान अपने घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बुजुर्ग के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

साइबर जांच और मुखबिर की सूचना से खुला राज

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी जांच, मुखबिरों से मिली सूचना और संदिग्धों से कड़ी पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि मृतक का अपनी 36 वर्षीय बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बहू ने अपने ससुर की हत्या की योजना बनाई और तीन अन्य युवकों को इसमें शामिल किया।

रात में घर पहुंचकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से बुजुर्ग के घर पहुंचे। बहाने से दरवाजा खुलवाकर वे अंदर घुसे और लकड़ी के फट्टे तथा मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला किया। इसके बाद बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए गए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

बहू सहित चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुगंती बेसरा के अलावा साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) और रोहित सिंह (21) को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

24 घंटे में खुलासा, पुलिस टीम की सराहना

इस चुनौतीपूर्ण हत्याकांड का महज 24 घंटे में खुलासा करने में दुलदुला थाना पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और गंभीर अपराधों का वैज्ञानिक एवं त्वरित अनुसंधान कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!