दिल्ली

चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन: SIR अभियान में 4 राज्यों की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 22 लाख से अधिक नाम हटे

ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम और सिक्किम में विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद कार्रवाई, दावे-आपत्तियों के बाद जारी होगी अंतिम सूची

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम और सिक्किम की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इस प्रक्रिया के दौरान चारों राज्यों में 22 लाख से अधिक नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं, उन्हें नियमानुसार दावा प्रस्तुत कर दोबारा नाम जुड़वाने का अवसर दिया जाएगा।

SIR अभियान के तहत हुई व्यापक जांच

चुनाव आयोग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची का सत्यापन किया गया। जांच में मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं के नाम चिन्हित किए गए, जिसके बाद उन्हें ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाया गया।

पहले भी कई राज्यों में चला था अभियान

चुनाव आयोग ने बताया कि पिछले वर्ष जून में शुरू किए गए इस अभियान के तहत बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और उत्तर प्रदेश में भी मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया गया था। इस दौरान बिहार में लगभग 65 लाख, पश्चिम बंगाल में 37 लाख तथा उत्तर प्रदेश में 25 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे।

ओडिशा में सबसे अधिक नाम हटाए गए

ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.एस. गोपालन के अनुसार राज्य में 20 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं। इनमें लगभग 8.3 लाख मृत मतदाता, 10 लाख स्थानांतरित अथवा अनुपस्थित मतदाता तथा करीब 1.5 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए।

मणिपुर में भी बड़ी संख्या में संशोधन

मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि 7,394 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर मिले, जबकि 43 हजार मतदाता मृत पाए गए। इसके अलावा 1,08,283 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका। वर्तमान में राज्य में कुल 19,34,399 मतदाता हैं, जिनमें 9,40,466 पुरुष, 9,93,660 महिला तथा 294 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

मिजोरम और सिक्किम में भी हुआ पुनरीक्षण

मिजोरम में 46 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जो कुल मतदाताओं का लगभग 5.2 प्रतिशत है। वहीं सिक्किम में पहले लगभग 4.7 लाख मतदाता पंजीकृत थे, जो पुनरीक्षण के बाद घटकर करीब 4.3 लाख रह गए हैं।

दावे-आपत्तियों के बाद जारी होगी अंतिम सूची

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि ड्राफ्ट मतदाता सूची अंतिम नहीं है। जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा और आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। सभी दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!