डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा ने किया नमन, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बोले – डॉ. मुखर्जी के आदर्श आज भी राष्ट्रभक्तों के लिए प्रेरणास्रोत, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, महान शिक्षाविद् एवं एकात्म भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रनिर्माण में दिए गए उनके योगदान को स्मरण किया।
राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित था जीवन : धरमलाल कौशिक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका उद्घोष भारत की एकता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। श्री कौशिक ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रीय हितों को सदैव सर्वोपरि रखा और अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विकसित भारत के संकल्प में दिखते हैं डॉ. मुखर्जी के विचार : दीपक सिंह
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और संकल्पों की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा संगठन की विचारधारा को मजबूती प्रदान करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, चंद्रप्रकाश बाजपेयी, रितेश अग्रवाल, तुलसी कौशिक, देवेन्द्र पाठक, शैलेन्द्र यादव, मनीष अग्रवाल, योगेश बोले, सतीश गुप्ता, गणेश रजक, मनीष गुप्ता, श्रीकांत सहारे, रिंकू मित्रा, देवेश खत्री, वैभव गुप्ता, महर्षि बाजपेयी, निलेश सिंह, अमित सिंह, सत्यजीत भौमिक, स्मृति जैन सहित भाजपा जिला बिलासपुर शहर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



