तखतपुर थाने के औचक निरीक्षण में एसएसपी राजनेश सिंह सख्त, शिकायत वाले पुलिसकर्मी रक्षित केंद्र भेजे; 14 झगड़ालू गांवों पर विशेष निगरानी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह ने रविवार को तखतपुर थाने का औचक निरीक्षण कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की बीट व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र के 79 गांवों में से 14 गांवों को झगड़ालू के रूप में चिन्हित किए जाने और इन क्षेत्रों से अवैध शराब, मारपीट तथा जमीन विवाद से जुड़ी शिकायतें अधिक मिलने की जानकारी सामने आई। एसएसपी ने ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
शिकायतों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने और अपराध नियंत्रण तथा आम लोगों से संपर्क के मामले में उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठने पर एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया। संबंधित पुलिस कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही या जनता से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश
एसएसपी राजनेश सिंह ने थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ को क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बराही परसदाकांपा क्षेत्र में पूर्व में एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में की गई छापामार कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया। इस कार्रवाई में अवैध शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
एसएसपी ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और बाउंड ओवर की कार्रवाई की जाए। बाउंड का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार राशि जब्त कराने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने अवैध शराब के कारोबार में शामिल महिलाओं को महिला स्व-सहायता समूहों और शासन की योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
बीट कर्मचारियों को गांव और अपराधियों की पूरी जानकारी रखने के निर्देश
एसएसपी ने बीट कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र के गांवों, वहां की स्थानीय समस्याओं और अपराधियों की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों को झगड़ालू के रूप में चिन्हित किया गया है, वहां होने वाले अपराधों और विवादों की वजहों की जानकारी जुटाकर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए।
संगठित अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों की समीक्षा
औचक निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों के साथ ही चरित्र सत्यापन से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।



