छुट्टी के बाद ‘डॉक्टर’ बन जाता था सरकारी शिक्षक, पत्नी के साथ चला रहा था दो अवैध क्लीनिक; छापे में एक्सपायरी दवाएं और मेडिकल उपकरण मिले

बलरामपुर ( शिखर दर्शन ) // जिले में अवैध क्लीनिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर तैनात प्रदीप दास स्कूल की छुट्टी के बाद कथित तौर पर डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज करता था। इतना ही नहीं, वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर दामोदरपुर में दो अवैध क्लीनिक संचालित कर रहा था। स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों क्लीनिकों पर छापेमारी कर एक्सपायरी दवाइयां और विभिन्न मेडिकल उपकरण बरामद किए हैं।
स्कूल में शिक्षक, छुट्टी के बाद मरीजों का इलाज
मामला दामोदरपुर क्षेत्र का है। कार्रवाई के दौरान सामने आया कि पूर्व माध्यमिक शाला लुरघुट्टा में पदस्थ शिक्षक प्रदीप दास स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बाद कथित तौर पर क्लीनिक में मरीजों का इलाज करता था। बताया गया कि वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर क्षेत्र में दो क्लीनिक संचालित कर रहा था।
छापेमारी में एक्सपायरी दवाएं बरामद
अवैध क्लीनिकों की जांच के लिए पहुंची संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां एक्सपायरी दवाइयां और अलग-अलग प्रकार के मेडिकल उपकरण मिले। क्लीनिक संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए।
टीम ने बरामद दवाइयों और मेडिकल उपकरणों की सीलबंद जब्ती की कार्रवाई की। साथ ही क्लीनिक संचालन में नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन को लेकर भी कार्रवाई की गई है।
मासूम की मौत के बाद प्रशासन ने तेज किया अभियान
जिले में अवैध क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई उस समय तेज की गई है, जब हाल ही में एक तीन वर्षीय मासूम की कथित झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज के बाद मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे क्लीनिकों की जांच और कार्रवाई का अभियान तेज किया है।
इसी अभियान के तहत दामोदरपुर में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की, जिसमें सरकारी शिक्षक द्वारा कथित तौर पर संचालित किए जा रहे दोनों क्लीनिकों का मामला सामने आया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से उन लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, जो बिना आवश्यक योग्यता और अनुमति के मरीजों का इलाज कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा अवैध क्लीनिकों की जांच आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।



