एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी, माता-पिता फंदे पर लटके मिले, दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर मिले

सुसाइड नोट मिलने से पारिवारिक विवाद की आशंका गहराई, बच्चों को नींद का इंजेक्शन देने की चर्चा
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग शहर से गुरुवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां आर्य नगर स्थित एक मकान में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के भीतर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके दोनों मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), बेटी दृष्टा साहू (13 वर्ष) और बेटे यशांत साहू (10 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों को पहले नींद का इंजेक्शन देकर सुलाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक गोविंद साहू सुपेला स्थित एक शेयर ट्रेडिंग फर्म में निजी नौकरी करते थे। बताया जा रहा है कि बीती रात ओडिशा के पुरी से आए रिश्तेदारों के साथ परिवार ने मिठाई और आइसक्रीम खाई थी, जिसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। सुबह जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
मौके से मिला सुसाइड नोट, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का उल्लेख किया गया है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे दुर्ग शहर को झकझोर कर रख दिया है।


