राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा, दो सगी बहनों समेत चार की मौत

स्कूटी ट्रैक्टर से टकराई, एक मासूम गंभीर घायल; पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया
भिलाई ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की दो सगी बहनों और दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में जारी है।
पुलिस के अनुसार भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28) अपनी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26) तथा बच्चों के साथ रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृत निर्मलकर, लक्ष्मी निर्मलकर, सात वर्षीय याचना और चार वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आठ वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी पर एक साथ पांच लोग सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
मृतका अमृत निर्मलकर के पति लोकेश ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही उनकी पत्नी ने फोन कर बच्चों के साथ मामा के घर जाने की जानकारी दी थी। इसके कुछ ही देर बाद दुर्घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि परिवार ने लगभग एक माह पहले ही नई स्कूटी खरीदी थी।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित शवगृह भेज दिया है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



