भारी बारिश के बीच 12वीं पूरक परीक्षा टालने की मांग, शिक्षक फेडरेशन ने माध्यमिक शिक्षा मंडल को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और शहर सहित जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बिलासपुर ने कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा तत्काल स्थगित करने की मांग की है। संगठन ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और समान अवसर को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।
फेडरेशन के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने ज्ञापन में बताया कि बीती रात से बिलासपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लगातार भारी वर्षा हो रही है। बारिश के कारण अनेक स्थानों पर जलभराव, सड़कें अवरुद्ध, पुल-पुलियों और नदी-नालों में उफान जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। ऐसे हालात में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित और समय पर पहुंचना बेहद कठिन हो गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जिला प्रशासन भी विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। इसके बावजूद यदि परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाती है, तो बड़ी संख्या में परीक्षार्थी प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
फेडरेशन ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के हित, सुरक्षा और समान अवसर के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा तत्काल स्थगित कर मौसम सामान्य होने के बाद नई परीक्षा तिथि घोषित की जाए। संगठन का कहना है कि प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में किसी भी विद्यार्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
फेडरेशन की प्रमुख मांगें
- कक्षा 12वीं की प्रस्तावित पूरक परीक्षा तत्काल स्थगित की जाए।
- मौसम सामान्य होने के बाद नई परीक्षा तिथि घोषित की जाए।
- बारिश और जलभराव से प्रभावित विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
- प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में सभी परीक्षार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराया जाए।



