छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज अविश्वास प्रस्ताव पर महासंग्राम, मानसून सत्र के अंतिम दिन सरकार को घेरेगा विपक्ष

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का शुक्रवार को पांचवां और अंतिम दिन है। आज सदन में प्रश्नकाल, शासकीय एवं अशासकीय कार्यों के साथ राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसको लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
प्रश्नकाल से होगी कार्यवाही की शुरुआत
सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। इसके बाद विभिन्न शासकीय और अशासकीय कार्यों पर चर्चा की जाएगी।
वित्त मंत्री रखेंगे सीएजी की रिपोर्ट
वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भईयालाल राजवाड़े विभिन्न समितियों के प्रतिवेदन सदन में रखेंगे।
विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर होगी चर्चा
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद विपक्ष सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर अपने आरोप रखेगा, जबकि सत्ता पक्ष उनका जवाब देगा। इस चर्चा के देर रात तक चलने की संभावना है।
सत्र के दूसरे दिन पेश किया गया था प्रस्ताव
कांग्रेस ने मानसून सत्र के दूसरे दिन राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए 17 जुलाई को इस पर चर्चा कराने की घोषणा की थी।
राज्य गठन के बाद दसवां अविश्वास प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद विधानसभा में यह दसवां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले लाए गए सभी नौ अविश्वास प्रस्ताव सदन में बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सके थे। ऐसे में आज भी संख्या बल के आधार पर प्रस्ताव के पारित होने की संभावना कम मानी जा रही है, हालांकि सदन में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहस देखने को मिल सकती है।



