बिलासपुर संभाग

भारी बारिश पर अमर अग्रवाल सख्त, राहत कार्य तेज और मुआवजे के दिए निर्देश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // लगातार हो रही भारी बारिश से शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने के बीच बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने विधानसभा सत्र के दौरान ही हालात का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राहत-बचाव और आवश्यक सेवाओं पर जोर

अमर अग्रवाल ने राहत कार्यों की निरंतर निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों से प्राथमिकता के आधार पर पानी निकासी कराने, स्वच्छता व्यवस्था बहाल करने, पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

बारिश के बाद मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए उन्होंने सिम्स और जिला अस्पताल को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा। विशेष रूप से बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कच्चे मकानों का सर्वे, आरबीसी के तहत मिलेगी सहायता

भारी बारिश से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के संबंध में अमर अग्रवाल ने प्रशासन को आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल सर्वे कर राहत एवं मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

उन्होंने अधिकारियों को स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने तथा राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

राहत कार्य जारी

दोपहर बाद बारिश थमने के बाद प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी, सफाई और आवश्यक सेवाओं की बहाली का कार्य तेज कर दिया है। अमर अग्रवाल ने शहरवासियों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!