धमतरी लूटकांड का खुलासा: अंतरराज्यीय गिरोह के 8 बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई स्कूटी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद

रात में रास्ते में रोककर युवक से मारपीट कर लूटे थे नकदी, मोबाइल और एक्टिवा; सीसीटीवी व तकनीकी जांच से ओडिशा तक पहुंची पुलिस
धमतरी ( शिखर दर्शन ) // धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में 11 जुलाई की रात हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के आठ शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक मामलों से संबंधों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई की रात छाती गांव निवासी विमल देशलहरे अपनी एक्टिवा स्कूटी से मगरलोड जा रहे थे। रास्ते में मंदरौद मोड़ के पास वे कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और 9 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल फोन तथा एक्टिवा स्कूटी लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने पड़ोसी राज्य ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव में दबिश देकर अंतरराज्यीय गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह अन्य जिलों या राज्यों में हुई लूट और संपत्ति संबंधी वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।



