बिलासपुर संभाग

10 माह बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा डीजल चोरी का फरार ड्राइवर: पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तारी, ट्रकों से 577 लीटर डीजल चोरी का मामला

दो ट्रकों के टैंक तोड़कर उड़ाया था 54 हजार रुपये का डीजल, टायर भी बदल दिए थे; दूसरा आरोपी हो चुका है मृत

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // जिले की चांपा पुलिस ने मालवाहक ट्रकों से डीजल चोरी के चर्चित मामले में करीब 10 माह से फरार चल रहे आरोपी ड्राइवर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने तकनीकी सूचना के आधार पर पंजाब पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत सिंह (55 वर्ष) निवासी ग्राम ढाडे, थाना इस्लामाबाद, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि मामले की शुरुआत 3 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब आशीर्वाद बिल्टकॉन ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के मुंशी मोहित सेठी, निवासी बिल्हा ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार कंपनी के दो ट्रक सीजी-10-बीवाई-9976 और सीजी-10-बीएस-9435 26 सितंबर 2025 को जयरामनगर से छुरी के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन दोनों ट्रकों की लोकेशन हथनेवरा चौक स्थित एक ढाबे के पास मिली, जबकि दोनों चालकों के मोबाइल फोन बंद थे, जिससे संदेह और गहरा गया।

जब 30 सितंबर को कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तो दोनों ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले टूटे हुए मिले। जांच में सामने आया कि ट्रकों से करीब 577 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये थी, चोरी कर लिया गया था। इतना ही नहीं, ट्रकों के टायर भी बदल दिए गए थे। शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 451/2025 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रंजीत सिंह पंजाब के अमृतसर में छिपा हुआ है। इसके बाद चांपा पुलिस की टीम पंजाब रवाना हुई और उसे गिरफ्तार कर विधिवत जांजगीर-चांपा लाया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस प्रकरण का दूसरा आरोपी राजू सिंह (26 वर्ष) निवासी चांविंदा देवी, थाना मंजिठा, जिला अमृतसर (पंजाब) की मृत्यु हो चुकी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर तथा आरक्षक प्रकाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उनके विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!