महाकाल की शरण में पहुंचे ‘रक्तांचल-3’ के कलाकार: भस्म आरती में किए बाबा महाकाल के दर्शन, उज्जैन में लिया आशीर्वाद

वेब सीरीज के प्रमोशन के बीच महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे कलाकार, मंदिर समिति ने किया सम्मान
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के वेब सीरीज ‘रक्तांचल-3’ की टीम बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची। फिल्म अभिनेता निकितिन धीर, अभिनेता क्रांति प्रकाश झा और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में सहायक सचिव का किरदार निभाने वाले अभिनेता चंदन राय ने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
भस्म आरती के बाद कलाकारों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी कलाकारों का सम्मान भी किया गया।
बताया गया कि ‘रक्तांचल-3’ की टीम अपनी वेब सीरीज के प्रचार-प्रसार के सिलसिले में इंदौर पहुंची थी। इसी दौरान कलाकार उज्जैन आए और विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर आध्यात्मिक आशीर्वाद लिया।
गौरतलब है कि हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘रक्तांचल-3’ को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसी के प्रचार अभियान के तहत कलाकार मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों का दौरा कर रहे हैं। महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं ने भी कलाकारों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।



