कचना ओवरब्रिज से खुलेगा ट्रैफिक का रास्ता, आज मुख्यमंत्री साय करेंगे लोकार्पण

49 करोड़ की लागत से तैयार हुआ बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज, राजधानीवासियों को जाम से मिलेगी राहत
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या झेल रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। कचना रेलवे फाटक पर निर्मित बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज शुक्रवार से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम को इस ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे।
करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस ओवरब्रिज के शुरू होने के बाद शंकरनगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग पर यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम और तेज होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार मार्च 2022 में इस परियोजना को 48.78 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी, जबकि सितंबर 2023 में निर्माण कार्य का कार्यादेश जारी किया गया था।
अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन रेलवे से ड्राइंग-डिजाइन और स्लैब-गर्डर संबंधी मंजूरी समय पर नहीं मिलने के कारण परियोजना में विलंब हुआ। लंबे इंतजार के बाद अब ओवरब्रिज पूरी तरह तैयार हो चुका है।
दरअसल, रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन पर दिनभर ट्रेनों की आवाजाही बनी रहती है, जिसके चलते कचना रेलवे फाटक को बार-बार बंद करना पड़ता था। इससे खम्हारडीह, शंकरनगर और आसपास के क्षेत्रों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित होती थी। अब ओवरब्रिज शुरू होने से लोगों को इस परेशानी से काफी राहत मिलेगी।
लोकार्पण समारोह के दौरान रहेगा रूट डायवर्जन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // लोकार्पण समारोह को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दौरान खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार अनुपम नगर से खम्हारडीह-कचना जाने वाले वाहन श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोका रतन और बीएसएनएल कार्यालय मार्ग से होकर कचना पहुंच सकेंगे। वहीं कचना से खम्हारडीह जाने वाले वाहनों को बीएसएनएल कार्यालय, अशोका रतन और श्रीराम नगर ओवरब्रिज होते हुए अनुपम नगर चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि समारोह के दौरान अनावश्यक रूप से इस मार्ग पर जाने से बचें और यदि जरूरी हो तो समय से पहले निकलें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।



