बारिश से पहले निगम की बड़ी कार्रवाई: नाला पर कब्जा करने वालों पर गिरी गाज, आयुक्त ने दिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश

जलभराव रोकने नाला चौड़ीकरण का निरीक्षण, साइकिल से पहुंचे निगम आयुक्त
भिलाई ( शिखर दर्शन ) // Bhilai नगर पालिक निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सोमवार को जोन-01 नेहरू नगर क्षेत्र में चल रहे नाला रिटर्निंग वॉल निर्माण और अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और नाला क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
साइकिल से पहुंचे निरीक्षण पर
निगम आयुक्त सुबह जोन टीम के साथ साइकिल से मॉडल टाउन, विनोबा नगर और जुनवानी स्थित एमजे कॉलेज के पास पहुंचे, जहां नाला रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बारिश में जलभराव रोकने बनाया जा रहा वॉल
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि बरसात के समय अधिक वर्षा होने पर इस क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए नाले का चौड़ीकरण और रिटर्निंग वॉल निर्माण कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास के पास मिला अतिक्रमण
निरीक्षण के दौरान एमजे कॉलेज के सामने प्रधानमंत्री आवास के पास नाला क्षेत्र में अतिक्रमण कर बाउंड्रीवाल निर्माण और गेट लगाए जाने का मामला सामने आया। निगम आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले नाला का सीमांकन कराने और उसके बाद आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाने के आदेश भी जारी किए।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, रीमा जामुलकर, स्वच्छता निरीक्षक अंकित सक्सेना, क्रिस्टोफर सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


