दुर्ग संभाग

प्रेम, विवाद और मौत: रेलवे ट्रैक पर खत्म हुई एक रिश्ते की कहानी

बालोद ( शिखर दर्शन ) // जिले में एक प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत सामने आया है। शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ ससुराल से निकल गई, लेकिन रेलवे ट्रैक पर हुए हादसे ने दोनों की जिंदगी बदल दी। घटना में प्रेमी की मौके पर मौत हो गई, जबकि नवविवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विवाह के डेढ़ माह बाद घर छोड़कर निकली

जानकारी के अनुसार कांकेर जिले के ग्राम कोरतरा निवासी 23 वर्षीय मोनिका खरे का विवाह 22 अप्रैल 2026 को बालोद जिले के ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुआ था। विवाह के करीब 45 दिन बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात वह अपने प्रेमी मिथलेश ठाकुर के साथ ससुराल से निकल गई। दोनों बाइक से ग्राम दैहान स्थित रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे।

रेलवे ट्रैक पर हुआ विवाद, फिर हुआ हादसा

पुलिस जांच में सामने आया है कि रेलवे ट्रैक के पास दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत और विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि मिथलेश, मोनिका पर उसके साथ विवाह कर रहने का दबाव बना रहा था। इसी दौरान ट्रेन आने लगी। प्रारंभिक जांच और घायल युवती के बयान के अनुसार मोनिका लगातार मिथलेश को पटरी से हटने के लिए कहती रही, लेकिन वह नहीं माना। उसे बचाने की कोशिश में दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए।

प्रेमी की मौत, युवती का इलाज जारी

हादसे में डौंडीलोहारा क्षेत्र के ग्राम भीमपुरी निवासी 28 वर्षीय मिथलेश ठाकुर के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसने डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मिथलेश को मृत घोषित कर दिया। मोनिका को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पति ने बताया, रात में घर से गायब मिली पत्नी

नवविवाहिता के पति टीकम कुमार खरे ने बताया कि शनिवार तड़के करीब ढाई बजे उनकी नींद खुली तो पत्नी घर में नहीं थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में पत्नी का फोन आया, जिसमें उसने रेलवे ट्रैक पर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मोनिका और मिथलेश की पहचान करीब ढाई वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए। मृतक मिथलेश विवाहित था और उसकी एक बेटी भी है। वह पहले हाइवा चालक के रूप में कार्य करता था तथा हाल के दिनों में ट्रैक्टर चला रहा था।

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना वाली रात मिथलेश शराब के नशे में युवती के ससुराल पहुंचा था और उसे अपने साथ लेकर गया था। दैहान क्षेत्र में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद यह हादसा घटित हुआ। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!