दो युवकों ने दी जान, अलग-अलग घटनाओं से दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

घरों में मचा मातम, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // भिलाई में शनिवार को आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर अटल आवास में रहने वाले युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं वैशाली नगर क्षेत्र में रहने वाले 25 वर्षीय युवक ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामलों की जांच में जुटी हुई है।
सुबह टहलकर लौटा, फिर लगा ली फांसी
जानकारी के अनुसार वैशाली नगर क्षेत्र के अर्जुन नगर निवासी 25 वर्षीय रूपेश वर्मा टूर एंड ट्रेवल्स वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। रोज की तरह वह सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकला था। इसके बाद घर लौटकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रूपेश पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक मैकेनिक ने कमरे में उठाया आत्मघाती कदम
दूसरी घटना जामुल क्षेत्र के अटल आवास की है। यहां रहने वाले धर्मेन्द्र चौहान का अपना गैरेज था और वह बाइक मरम्मत का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि दोपहर में वह घर आया था और शाम तक परिजनों व आसपास के लोगों से सामान्य बातचीत भी की थी।
इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर उसकी पत्नी को संदेह हुआ। परिजनों और रिश्तेदारों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया तो धर्मेन्द्र फांसी के फंदे पर लटका मिला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन तत्काल धर्मेन्द्र को नीचे उतारकर सुपेला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
दोनों मामलों की जांच जारी
पुलिस ने दोनों घटनाओं में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाओं के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



