किसी की गर्दन काटी, किसी के हाथ किए अलग; कर्नाटक के विजयपुरा में सामूहिक हत्याकांड से सनसनी

25 एकड़ जमीन के लिए खूनी तांडव, एक ही परिवार के 6 लोगों की बेरहमी से हत्या
विजयपुरा ( शिखर दर्शन ) // कर्नाटक के Vijayapura जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 25 एकड़ कृषि भूमि को लेकर हुए संघर्ष में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
15 साल पुराने विवाद ने ली छह जानें
जानकारी के अनुसार चडाचन थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव में 25 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में निराले परिवार ने यह जमीन खरीदी थी। बताया जा रहा है कि यह भूमि पिछले करीब 15 वर्षों से विवादों में घिरी हुई थी और इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी बनी हुई थी।
कब्जा लेने पहुंचे तो हुआ जानलेवा हमला
बताया गया है कि शुक्रवार दोपहर जब निराले परिवार के सदस्य खरीदी गई जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तभी उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने हंसिया समेत अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया। हमला इतना अचानक और हिंसक था कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के पांच सदस्य समेत छह की मौत
इस खूनी वारदात में दुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले, शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले, चंद्रकांत उर्फ चंदू रेवनसिद्दप्पा निराले, राहुल शिवपुत्र निराले, समर्थ शिवपुत्र निराले और शब्बीर बाबूसाब अत्तर की मौत हो गई। वहीं अरविंद कटागे और जेसीबी ऑपरेटर संदीप माने गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
पुराने हत्या प्रकरण से भी जुड़ रहे तार
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि विवाद का संबंध वर्ष 2015 में हुए एक हत्या मामले से भी हो सकता है। उस घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था, जो अब बड़े खूनी संघर्ष में बदल गया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक Lakshman Nimbargi ने बताया कि घटना की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों और इस्तेमाल किए गए हथियारों की पूरी जानकारी सामने आएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।



