ऐप से मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर एक साल में दस गुना रिटर्न का लालच, होटल में सेमिनार कर फंसाते थे लोगों को; लैपटॉप, प्रोजेक्टर और अन्य सामान जब्त
रायपुर/अंबिकापुर ( शिखर दर्शन ) // सरगुजा पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी होटल में सेमिनार आयोजित कर लोगों को एक मोबाइल ऐप के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित करते थे और कम समय में कई गुना मुनाफा मिलने का दावा कर उनसे नकद और ऑनलाइन राशि लेते थे।
मामले की शुरुआत दरिमा थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव की शिकायत से हुई। पीड़ित ने मणिपुर थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके परिचित त्रिपाल टोप्पो ने ऑनलाइन शेयर बाजार और क्रिप्टोकरेंसी में अधिक लाभ होने का झांसा देकर उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से कराई।
होटल में दी गई ‘ट्रेनिंग’, फिर लिया 10 हजार रुपये
शिकायत के अनुसार 19 जुलाई को पीड़ित को अंबिकापुर स्थित एक होटल में आयोजित सेमिनार में बुलाया गया, जहां लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से कथित रूप से Bitget Wallet (LGNS) प्लेटफॉर्म में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने की जानकारी दी गई। आरोप है कि एक वर्ष में 10 हजार रुपये को एक लाख रुपये बनाने का लालच देकर पीड़ित से 10 हजार रुपये नकद ले लिए गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पांच आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें—
- कान्ता प्रसाद राजवाड़े
- राजकुमार पैकरा
- जीवन साय टोप्पो
- फिरोज लकड़ा
- मुकेश कुमार गुप्ता
शामिल हैं।
बिलासपुर में भी आयोजित किए गए थे सेमिनार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें बिलासपुर निवासी त्रिभुवन साहू और रमाशंकर साहू ने क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म के बारे में जानकारी दी थी। आरोपियों के अनुसार उनके साथ मिलकर बिलासपुर सहित अन्य स्थानों पर भी निवेशकों को जोड़ने के लिए कई सेमिनार आयोजित किए गए थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों के मोबाइल में संबंधित ऐप डाउनलोड करवाते थे, उनसे नकद या ऑनलाइन राशि लेकर क्रिप्टोकरेंसी खरीदने की प्रक्रिया बताते थे और अधिक मुनाफे का लालच देकर नए निवेशक जोड़ते थे।
छापे में कई सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त—
- लैपटॉप,
- प्रोजेक्टर,
- स्पीकर,
- मोबाइल फोन,
- लैपटॉप बैग,
- चार्जर,
- तीन डायरी,
- एक नोटबुक,
- तथा सेमिनार में उपयोग की गई टी-शर्ट
जब्त की है।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क के माध्यम से कितने लोगों से ठगी की गई तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



