दुर्ग में भीषण सिलेंडर ब्लास्ट: आग के समंदर में जिंदा जला पूरा परिवार, डेढ़ साल की मासूम समेत 4 की दर्दनाक मौत

खपरी गांव में धमाके के बाद मचा कोहराम, घर से नहीं निकल सके परिवार के सदस्य; प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र स्थित खपरी गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक मकान में हुए भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरे परिवार को मौत की आगोश में धकेल दिया। धमाके के बाद लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
तेज धमाके के बाद आग की लपटों में घिरा पूरा मकान
जानकारी के अनुसार खपरी गांव स्थित एक मकान में अचानक जोरदार धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ ही पलों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर के भीतर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके।
आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
डेढ़ साल की मासूम समेत चार लोगों की मौत
हादसे में अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और डेढ़ वर्षीय गोपिका वैष्णव की दर्दनाक मौत हो गई। आग बुझने के बाद घर के भीतर से चारों के शव बरामद किए गए।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे खपरी गांव में शोक और दहशत का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सांसद, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल दुर्ग पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



