दुर्ग संभाग

खूनी गैंगवार: 25 हमलावरों ने युवक को घेरकर उतारा मौत के घाट, भाई-चाचा जिंदगी और मौत से जूझ रहे

देर रात राजीव नगर में ताबड़तोड़ हमला, धारदार हथियार और सब्बल से वार, इलाके में भारी तनाव

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग के राजीव नगर क्षेत्र में बीती रात खूनी संघर्ष से सनसनी फैल गई। आपसी रंजिश के चलते 20 से 25 हमलावरों ने एक युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और रिश्तेदार पर भी जानलेवा हमला किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

घर के बाहर टहल रहे युवक पर अचानक हुआ हमला

जानकारी के अनुसार घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर स्थित केजू राइस मिल के पास रात करीब 1 बजे हुई। बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय जितेश ठाकुर खाना खाने के बाद घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने उसे चारों ओर से घेर लिया।

हमलावरों ने धारदार हथियार, लाठी और सब्बल से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की बर्बरता इतनी ज्यादा थी कि जितेश ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बचाने पहुंचे भाई और चाचा के बेटे पर भी हमला

हमले के दौरान चीख-पुकार सुनकर मृतक का बड़ा भाई राहुल ठाकुर और चाचा का बेटा नेहरू ठाकुर मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।

दोनों को सब्बल, लाठी और चाकू से गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक का इलाज रायपुर और दूसरे का दुर्ग में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि हमले की पूरी साजिश पहले से रची गई थी। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, 8 हिरासत में

दुर्ग पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अब तक 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से भी लगातार जानकारी जुटा रही है ताकि हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!