दुर्ग संभाग

दिल दहला देने वाली वारदात: B.Ed छात्र ने प्रेमिका की गला दबाकर की हत्या, खुद ही एंबुलेंस को किया फोन

दुर्ग में सनसनी, फोन विवाद बना हत्या की वजह, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केलाबाड़ी स्थित सुभाष नगर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझते हुए खुद ही 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतका उनेश्वरी वर्मा (25) खैरागढ़ जिले के चिचोला की निवासी थी और दुर्ग के बीएम कॉलेज में बी.एड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले दो वर्षों से पढ़ाई के लिए दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27) बालोद जिले का रहने वाला है और उसी कॉलेज में बी.एड का छात्र है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है।

घटना के दिन दोनों के बीच फोन कॉल को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती को अपने कमरे में ले गया, जहां बहस के दौरान उसने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने युवती को मृत समझने के बजाय बेहोश समझ लिया और 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल कर दिया। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्यकर्मियों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी दुर्ग पहुंच गए। परिजनों के अनुसार उन्हें युवती के किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्य सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!