महिला आरक्षण बिल पर पीएम मोदी का हमला: ‘विपक्ष ने बड़ी गलती की, कहा — नतीजे भुगतने होंगे’

कैबिनेट बैठक में नाराजगी जताई, कार्यकर्ताओं को संदेश जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में पारित न होने के बाद विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में उन्होंने कहा कि इस बिल का समर्थन न करके विपक्ष ने बहुत बड़ी गलती की है और उसे इसके परिणाम भुगतने होंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को 2029 से लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस विधेयक को गिराकर विपक्ष ने देश की नारी शक्ति को निराश किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि इस संदेश को गांव-गांव और हर व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
गौरतलब है कि संविधान (131वां संशोधन) विधेयक को पारित होने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी, लेकिन शुक्रवार देर रात तक चली बहस के बाद इसे पर्याप्त समर्थन नहीं मिल सका। बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने इसका विरोध किया।
प्रधानमंत्री ने इससे पहले संसद में भी सांसदों से अपील की थी कि वे अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनते हुए निर्णय लें और नारी शक्ति के सम्मान में इस विधेयक का समर्थन करें। उन्होंने कहा था कि देश की करोड़ों महिलाओं की नजर इस फैसले पर है।
कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में महिलाएं इस मुद्दे पर अपना जवाब देंगी और विपक्ष को इसके राजनीतिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।



