दिल्ली

रात 8:30 बजे पीएम नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन, महिला आरक्षण पर बड़ी घोषणा की अटकलें

देशभर में बढ़ी उत्सुकता, हालिया सियासी घटनाक्रम के बीच नजरें भाषण पर

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // नरेंद्र मोदी आज रात करीब 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस संबोधन को लेकर पूरे देश में उत्सुकता का माहौल है, हालांकि सरकार की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रधानमंत्री किन मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह संबोधन हाल ही में लोकसभा में पारित न हो सके महिला आरक्षण विधेयक से जुड़ा हो सकता है। इस बिल को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासत गर्माई हुई है और पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली है।

सूत्रों के मुताबिक हालिया कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा था कि महिला आरक्षण बिल का पास न होना देश की महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने जैसा है। उन्होंने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे महिला सशक्तिकरण के खिलाफ बताया था।

प्रधानमंत्री ने अपने सहयोगियों को यह संदेश भी दिया कि इस मुद्दे को देश के हर गांव तक पहुंचाया जाए और लोगों को बताया जाए कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर कौन क्या रुख रखता है।

हालांकि संबोधन के विषय को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए महिला सशक्तिकरण, समान अधिकार और प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर बड़ी घोषणा की संभावना जताई जा रही है।

ऐसे समय में जब देश का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है, प्रधानमंत्री का यह संबोधन राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!