उद्घाटन समारोह में जाने के दौरान लिफ्ट में फंसे पूर्व गृह मंत्री, तकनीकी खराबी से मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा के साथ ग्वालियर में एक अप्रत्याशित घटना हुई। एक कोचिंग सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचने के दौरान वे कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट में फंस गए। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच रास्ते में रुक गई। हालांकि, कुछ देर की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) //
जानकारी के मुताबिक, नरोत्तम मिश्रा शहर के जयेन्द्रगंज स्थित एक कॉम्प्लेक्स में बने कोचिंग सेंटर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान वे लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी लिफ्ट फ्लोर के बीच में अचानक बंद हो गई।
लिफ्ट के बीच में रुक जाने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने लिफ्ट का दरवाजा खोलने का प्रयास शुरू किया।
मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाले गए
तकनीकी विशेषज्ञों ने काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला और नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि इस दौरान उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।
घटना के बाद कार्यक्रम में हुए शामिल
लिफ्ट से बाहर आने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने अपना निर्धारित कार्यक्रम जारी रखा। वे कोचिंग सेंटर के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। घटना के बाद उनके सुरक्षित होने से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।



