मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, करौंदी में 5.2 डिग्री पर पहुंचा पारा, चार जिलों में शीतलहर का अलर्ट

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में पारा लुढ़ककर 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यहां प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल जिले में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक ठंड से विशेष राहत मिलने के आसार नहीं हैं। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है।
करौंदी में 5.2 डिग्री पर पहुंचा पारा
प्रदेश में ठंड का सबसे ज्यादा असर पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में देखने को मिल रहा है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह में 6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 6.2 डिग्री, अमरकंटक में 7.3 डिग्री और रीवा में 8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं जबलपुर में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, उमरिया और खजुराहो में 9.4 डिग्री, मलाजखंड में 9.5 डिग्री, नौगांव में 9.6 डिग्री और मंडला में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के कई शहरों में रात के समय ठंड का असर काफी बढ़ गया है।
इन चार जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर राजधानी भोपाल में चार दिनों बाद न्यूनतम तापमान में मामूली राहत दर्ज की गई है। यहां रात का पारा 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अधिकतम तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।



