बिलासपुर संभाग

पत्नी की सहमति के बिना गर्भपात कराने का आरोप, पति और महिला डॉक्टर पर FIR; हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत भी खारिज

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पत्नी की सहमति के बिना गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। तीन महीने की गर्भवती महिला ने अपने पति पर तलाक लेने की मंशा से डॉक्टर के साथ मिलकर गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति और निजी अस्पताल की महिला संचालक डॉक्टर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी डॉक्टर को हाईकोर्ट से भी अग्रिम जमानत के मामले में राहत नहीं मिली है।

तलाक की मंशा से गर्भपात कराने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती थी। इसी दौरान उसके पति सुयश अग्रवाल ने तलाक लेने की मंशा से डॉक्टर के साथ मिलकर उसकी सहमति के बिना गर्भपात करा दिया। महिला का आरोप है कि पति को आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है। इसी वजह से कथित तौर पर यह कदम उठाया गया।

पति और डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाईकोर्ट से नहीं मिली अग्रिम जमानत

मामले में आरोपी डॉक्टर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने याचिका खारिज कर दी। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। अब पुलिस की आगे की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर बनी हुई है।

नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!