मध्यप्रदेश

नीमच के तीन ज्वेलर्स पर BIS का छापा, 50 लाख के सोने के गहने जब्त; 17 आभूषणों पर मिला फर्जी हॉलमार्क

नीमच। ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के नीमच में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने सराफा बाजार में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ज्वेलरी प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। भोपाल से पहुंची BIS की तीन टीमों ने पुलिस बल के साथ तिलक मार्ग और विकास नगर स्थित दुकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान करीब 50 लाख रुपये कीमत के 50 सोने के आभूषण जब्त किए गए। इनका कुल वजन 401.81 ग्राम बताया गया है। जांच में 17 आभूषणों पर फर्जी हॉलमार्क मिला, जबकि 33 आभूषण बिना हॉलमार्क के पाए गए। मामले में BIS अधिनियम 2016 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

तीन प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 401.81 ग्राम सोना जब्त

जानकारी के अनुसार, करीब 12 अधिकारियों की टीम ने नीमच के तिलक मार्ग स्थित आरआर ज्वेलर्स और राम ज्वेलर्स के अलावा विकास नगर स्थित जेम्स स्क्वायर डायमंड पर कार्रवाई की। जांच के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 50 सोने के आभूषण जब्त किए गए।

अधिकारियों के मुताबिक, 108.26 ग्राम वजन के 17 आभूषणों पर फर्जी हॉलमार्क पाया गया। वहीं, 293.55 ग्राम वजन के 33 आभूषण बिना हॉलमार्क के मिले। कार्रवाई के दौरान सबसे अधिक आभूषण आरआर ज्वेलर्स से जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अनिवार्य हॉलमार्किंग के नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

BIS अधिकारी मोहम्मद तौसीफ ने जांच में मिली अनियमितताओं की पुष्टि करते हुए बताया कि अनिवार्य हॉलमार्किंग लागू होने के बावजूद नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। जब्त किए गए सभी आभूषणों को सील कर दिया गया है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने ज्वेलरी कारोबारियों को हॉलमार्किंग से जुड़े नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। साथ ही ग्राहकों से अपील की है कि सोने के आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क की प्रामाणिकता और शुद्धता की जांच जरूर करें, ताकि नकली हॉलमार्क के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचा जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!