CM मोहन यादव आज रीवा दौरे पर, भोपाल में भारत-चीन के बीच महिला हॉकी का फाइनल; बीजेपी चलाएगी सेवा दूत अभियान

भोपाल। ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में आज राजनीतिक और खेल गतिविधियों से जुड़ी कई अहम हलचल देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रीवा में आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। वहीं भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का खिताबी मुकाबला भारत और चीन के बीच खेला जाएगा। इसके अलावा प्रदेश भाजपा संगठन दिसंबर में व्यापक स्तर पर सेवा दूत अभियान शुरू करने की तैयारी में जुटा है।
रीवा में पदयात्रा में शामिल होंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रीवा के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे रीवा के एनसीसी ग्राउंड से शुरू होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री निमूबेन बांभनिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहेंगे।
रीवा दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम 7:30 बजे भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां वे एशियाई हॉकी चैंपियनशिप के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे।
भारत और चीन के बीच महिला हॉकी का खिताबी मुकाबला
भोपाल में आज महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। नाथू बरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम 7 बजे भारत और चीन की टीमें आमने-सामने होंगी।
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं चीन ने जापान को 1-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। भारतीय टीम के पास लगातार तीसरी बार और कुल चौथी बार चैंपियन बनने का मौका होगा। मुकाबले को लेकर हॉकी प्रेमियों में खासा उत्साह है।
भाजपा का सेवा दूत अभियान, 230 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात होंगे पदाधिकारी
मध्य प्रदेश में भाजपा संगठन दिसंबर में व्यापक स्तर पर सेवा दूत अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। यह अभियान 1 से 25 दिसंबर तक संचालित होगा। इसके तहत 62 जिलाध्यक्षों को अपने जिलों से बाहर रहकर निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों और जनभावनाओं का फीडबैक जुटाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर करीब 500 पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इनमें मंत्री, वरिष्ठ विधायक और निगम-मंडलों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष भी शामिल होंगे। विशेष रूप से पिछली बार चुनाव में हारी गई 67 विधानसभा सीटों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय विधायकों के प्रति जनता की नाराजगी और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।



