मध्यप्रदेश

मस्तक पर त्रिपुंड-चंद्र, फूलों की मालाओं से सजे बाबा महाकाल; भस्म आरती में भक्तों को दिए दिव्य दर्शन

उज्जैन। ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में 28 नवंबर को ब्रह्ममुहूर्त में भगवान महाकाल की भव्य भस्म आरती संपन्न हुई। तड़के 4 बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा महाकाल का जलाभिषेक किया। इस दौरान भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसमें मस्तक पर त्रिपुंड और चंद्र सुशोभित रहे। फूलों की सुंदर मालाओं और आभूषणों से बाबा का दिव्य स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।

मंदिर के पट खुलने के बाद सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवान महाकाल का जलाभिषेक हुआ। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक कर भांग, चंदन और आभूषणों से भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया।

मंत्रोच्चार के बीच अर्पित की गई भस्म

भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के साथ भगवान का ध्यान और पूजन किया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। आकर्षक आभूषणों और फूलों से सुसज्जित बाबा महाकाल का दिव्य स्वरूप देखते ही बन रहा था।

मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इसी दिव्य परंपरा के चलते महाकाल की भस्म आरती का विशेष धार्मिक महत्व है।

जयकारों से गूंज उठा महाकाल मंदिर

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कही। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। भक्तों ने जय श्री महाकाल के उद्घोष के साथ बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!