Blog

तमिलनाडु में पुरुष सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी 15 दिन की पितृत्व छुट्टी, CM विजय ने जारी किया आदेश

चेन्नई ( शिखर दर्शन ) // तमिलनाडु सरकार ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए पितृत्व अवकाश (Paternity Leave) की नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को पुरुष सरकारी कर्मचारियों को 15 दिन का पितृत्व अवकाश देने का आदेश जारी किया। इस फैसले के तहत अब पिता भी बच्चे के जन्म के समय पत्नी और नवजात शिशु की देखभाल के लिए छुट्टी ले सकेंगे।

सरकार का उद्देश्य बच्चे के जन्म के दौरान मां को भावनात्मक और शारीरिक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ ही नवजात की देखभाल में पिता की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

जन्म से पहले या छह महीने के भीतर ले सकेंगे छुट्टी

सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, पात्र विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारियों को कुल 15 दिन का पितृत्व अवकाश मिलेगा। कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार यह छुट्टी बच्चे के जन्म की संभावित तारीख से 15 दिन पहले ले सकते हैं। इसके अलावा बच्चे के जन्म के बाद छह महीने की अवधि के भीतर भी किसी समय इस अवकाश का लाभ उठाया जा सकेगा।

यह सुविधा तमिलनाडु राज्य सरकार के पात्र विवाहित पुरुष कर्मचारियों के लिए लागू की गई है।

लंबे समय से हो रही थी मांग

पुरुष सरकारी कर्मचारी लंबे समय से मातृत्व अवकाश की तर्ज पर पितृत्व अवकाश की सुविधा देने की मांग कर रहे थे। सरकार ने इस मांग पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया है। प्रशासनिक स्तर पर माना गया है कि प्रसव के बाद शुरुआती दिनों में मां और नवजात दोनों को विशेष देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे समय में पिता की मौजूदगी परिवार की जिम्मेदारियों को साझा करने में मददगार हो सकती है।

महिला कर्मचारियों को पहले से मिलता है 365 दिन का मातृत्व अवकाश

तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को पहले से ही 365 दिन यानी एक वर्ष का मातृत्व अवकाश देने का प्रावधान है। हाल ही में विजय सरकार ने तीसरे बच्चे के जन्म पर भी महिला कर्मचारियों को 12 सप्ताह के बजाय 365 दिन का मातृत्व अवकाश देने का निर्णय लिया था।

अब पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिन का पितृत्व अवकाश लागू किए जाने से राज्य की सरकारी कर्मचारी अवकाश व्यवस्था में माता-पिता दोनों की जिम्मेदारी और भागीदारी को महत्व दिया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!