सिरदर्द और उल्टी के बाद नवविवाहिता की मौत, 9 माह की बेटी हुई मां से जुदा

बालाघाट ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में सिरदर्द और उल्टी की शिकायत के बाद एक नवविवाहिता की मौत हो गई। उपचार के दौरान अचानक झटका आने के बाद उसकी सांसें थम गईं। महिला की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी और उसकी 9 माह की एक बेटी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मामला वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम नेवरगांव का है। यहां रहने वाली जया दुनाड़कर को पिछले करीब 15 दिनों से सिरदर्द की परेशानी थी। बीते दिनों दर्द बढ़ने के साथ उल्टी होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां देर रात उपचार के दौरान उसे अचानक झटका आया और उसकी मौत हो गई।
जेठ ने जताई हार्ट अटैक की आशंका
परिजनों के मुताबिक, जया की शादी वर्ष 2025 में हुई थी। उसके जेठ नंदकिशोर बाघमाटे ने बताया कि उसे सामान्य सिरदर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मौत के पीछे हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
हालांकि, महिला की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। मौत की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



