अवैध शराब की कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम पर पथराव और मारपीट, महिला समेत तीन गिरफ्तार

उज्जैन। ( शिखर दर्शन ) // जिले की माकड़ोन तहसील के सालना खेड़ी गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान टीम के सदस्यों के साथ मारपीट और झूमाझटकी की गई तथा सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर जब्त की जा रही शराब और अन्य सामान लूट लिया गया। मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कांग्रेस विधायक महेश परमार ने आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों को परेशान करने और झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है।
अवैध शराब की सूचना पर गांव पहुंची थी टीम
पुलिस के अनुसार, घटना 26 नवंबर की है। आबकारी उप निरीक्षक रानी सिंह अपने स्टाफ के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तराना क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि सालना खेड़ी निवासी जगदीश चौहान अवैध शराब का कारोबार कर रहा है और उसके घर के सामने हाथ भट्टी की कच्ची शराब लेकर जाने की तैयारी में खड़ा है।
सूचना के आधार पर आबकारी टीम जगदीश चौहान के घर पहुंची। वहां वह हाथ में झोला लिए मिला। झोले की तलाशी लेने पर उसमें हाथ भट्टी की कच्ची शराब के पाउच मिले। टीम जब शराब जब्त करने की कार्रवाई कर रही थी, तभी जगदीश ने अपने परिजनों और अन्य साथियों को बुला लिया।
टीम पर हमले और लूट का आरोप
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, मौके पर पहुंचे लोगों ने एकजुट होकर आबकारी विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और कार्रवाई के दौरान जब्त की जा रही शराब के साथ नकदी, पर्स और पहचान पत्र भी लूट लिए। कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
आबकारी उप निरीक्षक की शिकायत पर माकड़ोन थाने में अपराध क्रमांक 438/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जगदीश पिता रतनलाल चौहान (43 वर्ष), उसका बेटा कुलदीप चौहान (19 वर्ष) और पत्नी गायत्राबाई (40 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आबकारी उपायुक्त निधि जैन ने बताया कि सालना खेड़ी में अवैध शराब की सूचना मिलने पर टीम भेजी गई थी। कार्रवाई के दौरान टीम के साथ झूमाझटकी हुई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि घटना में किसी को चोट नहीं आई है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
कांग्रेस विधायक ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक महेश परमार ने आबकारी विभाग की कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभाग की टीम ग्रामीणों को जबरन परेशान कर रही है और द्वेषपूर्ण तरीके से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को डराया-धमकाया जा रहा है तथा महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी ग्रामीण को झूठे प्रकरण में नहीं फंसाया जाना चाहिए। मामले में पुलिस की जांच जारी है।



