रायपुर संभाग

आधुनिक चिकित्सा में AI और तकनीक महत्वपूर्ण, लेकिन डॉक्टर के अनुभव और मानवीय संवेदनशीलता का विकल्प नहीं : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) रोगों के निदान एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन तकनीक चिकित्सक के अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और शारीरिक परीक्षण का विकल्प नहीं हो सकती। चिकित्सा सेवा में आधुनिक तकनीक के साथ मानवीय स्पर्श और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी उतना ही जरूरी है।

राज्यपाल डेका शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, आईआरआईए के अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र के. बूधे सहित वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित रहे।

एक्स-रे से एमआरआई तक रेडियोलॉजी ने बदली चिकित्सा की तस्वीर

राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे का आविष्कार चिकित्सा विज्ञान के इतिहास में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। इसके बाद रेडियोलॉजी ने रोगों की पहचान और उपचार को नई दिशा दी। आज यह क्षेत्र एक्स-रे से आगे बढ़कर अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों तक पहुंच चुका है, जिससे रोगों का निदान पहले से अधिक प्रभावी और सटीक हुआ है।

AI और रोबोटिक सर्जरी के बावजूद चिकित्सकीय अनुभव सर्वोपरि

डेका ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं, लेकिन इनके पीछे मानव मस्तिष्क, चिकित्सकीय कौशल और अनुभव की भूमिका सर्वोपरि है। चिकित्सकों को इन तकनीकों का इस्तेमाल विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।

मरीज से संवाद और शारीरिक परीक्षण भी जरूरी

राज्यपाल ने मरीजों के शारीरिक परीक्षण और चिकित्सक के साथ संवाद के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि डॉक्टर का संवेदनशील व्यवहार और मरीज की बात ध्यान से सुनना उसके मन में भरोसा पैदा करता है। आधुनिक इमेजिंग तकनीकों के साथ चिकित्सकीय अनुभव और सूक्ष्म अवलोकन भी सटीक निदान के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बिधानचंद्र रॉय का उदाहरण देते हुए चिकित्सकीय अंतर्दृष्टि और अनुभव की अहमियत बताई।

दूरस्थ क्षेत्रों में AI से मिल सकती है बेहतर चिकित्सा सुविधा

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों के माध्यम से समय पर चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में इन तकनीकों का उपयोग जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी

राज्यपाल ने डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता जताई। उन्होंने तकनीक के संतुलित उपयोग और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई। साथ ही कहा कि मानसिक समस्याओं को छिपाने के बजाय उन पर खुलकर बात करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर समय रहते विशेषज्ञों से परामर्श लेना चाहिए।

चिकित्सा सेवा में संवेदनशीलता और विश्वास भी महत्वपूर्ण

डेका ने चिकित्सकों से मरीजों के साथ विश्वासपूर्ण संवाद स्थापित करने और उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर बताने का अवसर देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना भी इसके अभिन्न अंग हैं।

कार्यक्रम के अंत में सम्मेलन के आयोजकों ने राज्यपाल के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे रेडियोलॉजिस्ट चिकित्सा इमेजिंग और रेडियोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, शोध और प्रगति पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!