ढाई साल बाद सुलझी हेल्पर की हत्या की गुत्थी, गमछे से गला घोंटकर की थी हत्या; फरार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में करीब ढाई साल पुराने हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वाहन में हेल्पर का काम करने वाले युवक की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया था। पुराने लंबित मामलों की समीक्षा और साक्ष्यों के दोबारा विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
घर से निकला युवक वापस नहीं लौटा, अगले दिन मिला शव
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2024 को कमल साहू ने खमतराई थाने में अपने बेटे संतोष साहू के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। संतोष 21 जून की शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव बंजारी मंदिर के पास चटर्जी कॉम्प्लेक्स के नजदीक राममंदिर-बिलासपुर रोड के किनारे मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वाहन चालक से हुआ था विवाद, गुस्से में घोंट दिया गला
जांच में सामने आया कि मृतक संतोष साहू अशोक लीलैंड छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-04-PG-8385 में हेल्पर का काम करता था। वाहन को राकेश टोप्पो चलाता था। घटना वाले दिन दोनों माल लेकर उरकुरा स्थित मंगलम ट्रांसपोर्ट गए थे।
वहां से लौटते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान गुस्से में आकर चालक राकेश टोप्पो ने गमछे से संतोष का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को वाहन से उतारकर सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
पुराने साक्ष्यों का दोबारा विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की पुनः समीक्षा के दौरान पुलिस ने पहले से जुटाए गए गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्यों और घटनाक्रम से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार पतासाजी के बाद राकेश टोप्पो की संलिप्तता के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में साक्ष्य छिपाने से संबंधित धारा 201 भादवि भी जोड़ी गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश टोप्पो (23 वर्ष), पिता स्व. इसादोर टोप्पो, निवासी बंगारी नगर, राममंदिर क्षेत्र, थाना खमतराई, जिला रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर की गई। डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में थाना खमतराई पुलिस एवं एसीसीयू रायपुर की टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



