21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी मिलेगा अंतर की राशि का लाभ, CM साय बोले- मैं किसान का बेटा हूं, खेती की परिस्थितियां समझता हूं

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी 21 क्विंटल तक की सीमा के अंतर की राशि उनके बैंक खातों में दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के किसी भी किसान को कम उत्पादन के कारण सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
‘मैं किसान का बेटा हूं, खेती-किसानी की परिस्थितियां समझता हूं’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान धान खरीदी और किसानों को मिल रही सुविधाओं से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन संभव नहीं है। अलग-अलग इलाकों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग होती हैं। इसलिए सरकार ने कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का निर्णय लिया है।
किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य देने के साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि खरीदी प्रक्रिया में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें अधिकतम सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसानों के हित में लिया गया यह महत्वपूर्ण निर्णय कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी आर्थिक संबल प्रदान करेगा। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मोदी की गारंटी के अनुरूप किसानों के कल्याण का दावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती लाभकारी बने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो, इसी उद्देश्य से सरकार नीतिगत फैसले ले रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता और सुविधाओं के विस्तार तक हर स्तर पर किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। अन्नदाता किसानों की समृद्धि ही विकसित और खुशहाल छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।



