CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी पर हाईकोर्ट की सख्ती, 14 दिसंबर तक मांगा जवाब; 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी अटके

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने का मामला अब हाईकोर्ट पहुंच गया है। नियुक्ति में लगातार हो रही देरी पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी किया है। अदालत ने 14 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति और अब तक हुई प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि तय समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।
नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में, इंटरव्यू भी प्रभावित
मामले की सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से अदालत को बताया गया कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के साक्षात्कार भी अटके हुए हैं।
इस पर याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष की व्यवस्था कर लंबित साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।
26 अक्टूबर के आदेश के बाद भी नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की खंडपीठ ने जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए 26 अक्टूबर को जारी आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई।
अदालत ने राज्य शासन और आयोग को 14 दिसंबर को नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति के साथ लंबित साक्षात्कार की स्थिति पर भी विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि नियुक्ति में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अब इस मामले की अगली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
सितंबर से खाली है आयोग में अध्यक्ष का पद
CGPSC में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति लंबे समय से लंबित है। आयोग पिछले तीन वर्षों से कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे काम कर रहा था। पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त हो गया। इसके बाद से आयोग में न तो नियमित अध्यक्ष है और न ही कार्यकारी अध्यक्ष। इसका असर आयोग की भर्ती प्रक्रियाओं और महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसलों पर पड़ रहा है।
150 से 155 पदों पर नई भर्ती का विज्ञापन अटका
अध्यक्ष का पद रिक्त होने का असर नई भर्तियों पर भी दिखाई दे रहा है। आयोग इस वर्ष 26 नवंबर को राज्य सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी नहीं कर सका। जानकारी के मुताबिक, करीब 150 से 155 पदों पर भर्ती का विज्ञापन तैयार है। इसमें डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष की नियुक्ति और उनके हस्ताक्षर के बाद ही विज्ञापन जारी हो सकेगा।
608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का इंतजार
अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से राज्य सेवा परीक्षा-2025 की भर्ती प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। इस परीक्षा के तहत 265 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार लंबित है।
इसके अलावा पुलिस विभाग की एसआई भर्ती परीक्षा और करीब 5 हजार सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले भी अटके हुए हैं। पदोन्नति में देरी के कारण पात्र कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय और सेवागत लाभ प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में 14 दिसंबर को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई से आयोग की लंबित भर्तियों और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण दिशा मिलने की उम्मीद है।



