बिलासपुर में संविधान दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया जनसेवा का संकल्प, प्रस्तावना का किया सामूहिक वाचन

जिला कार्यालय से लेकर संभागायुक्त, एसएसपी, जिला पंचायत और नगर निगम कार्यालय तक हुए आयोजन, डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को किया याद
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को बिलासपुर जिला कार्यालय सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करने का संकल्प लिया।
जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों के अनुरूप शासकीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आम नागरिकों के कार्यों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ पूरा करने का संकल्प दिलाया।
डॉ. अंबेडकर के योगदान का किया स्मरण
कार्यक्रम में संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को केवल संवैधानिक शब्दों तक सीमित न रखकर दैनिक कार्य व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार रखने, शासकीय कार्यों में निष्पक्षता बरतने और पारदर्शिता के साथ जनसेवा करने की प्रतिबद्धता जताई।
जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में हुए आयोजन
संविधान दिवस के अवसर पर संभागायुक्त कार्यालय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय, जिला पंचायत, नगर निगम सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इन आयोजनों के माध्यम से संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में जनसेवा, जवाबदेही तथा पारदर्शिता को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।



