नींद की झपकी आते ही बजेगा अलार्म, फिर भी नहीं जागे तो बरसेगा पानी! सातवीं के छात्र ने बनाया स्मार्ट चश्मा

खैरागढ़ के डीगेन्द्र सिन्हा का सड़क सुरक्षा से जुड़ा अनोखा नवाचार, जिला स्तर पर पहला और संभाग में दूसरा स्थान; राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
खैरागढ़ ( शिखर दर्शन ) // सड़क हादसों की एक बड़ी वजह वाहन चालकों को गाड़ी चलाते समय नींद की झपकी आना भी है। इस समस्या से निपटने के लिए खैरागढ़ के सातवीं कक्षा के एक छात्र ने ऐसा स्मार्ट चश्मा तैयार किया है, जो चालक को नींद आते ही अलर्ट करेगा। चश्मे में लगा सेंसर झपकी महसूस होते ही अलार्म बजाएगा और यदि चालक इसके बाद भी सतर्क नहीं होता, तो उसमें लगे सिस्टम से पानी का फव्वारा निकलेगा। इससे चालक की नींद टूट सकेगी और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।
बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में मिला सम्मान
यह अनोखा मॉडल शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दबका में कक्षा सातवीं के छात्र डीगेन्द्र सिन्हा ने तैयार किया है। उन्होंने दुर्ग में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में अपने मॉडल का प्रदर्शन किया। सड़क सुरक्षा से जुड़े इस नवाचार को निर्णायकों ने सराहा। प्रतियोगिता में छात्र के मॉडल को जिला स्तर पर पहला और संभाग स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। अब इसका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
नींद आते ही सक्रिय हो जाएगा सेंसर
छात्र द्वारा तैयार स्मार्ट चश्मे में सेंसर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। वाहन चलाते समय चालक की आंखों में नींद की झपकी आने पर सेंसर सक्रिय होकर अलार्म बजाना शुरू कर देता है। यदि अलार्म के बाद भी चालक नहीं जागता, तो चश्मे में लगे विशेष सिस्टम से पानी का फव्वारा छोड़ा जाता है। इसका उद्देश्य चालक को तत्काल सतर्क करना और नींद के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है।
हेलमेट नहीं पहनने पर भी करेगा अलर्ट
छात्रों ने शिक्षक अजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा से जुड़ा एक अन्य मॉडल भी तैयार किया है। इसमें बाइक चालक के हेलमेट नहीं पहनने पर अलार्म बजाकर उसे सतर्क करने की व्यवस्था की गई है।
कम उम्र में वैज्ञानिक सोच की मिसाल
डीगेन्द्र सिन्हा का यह नवाचार दर्शाता है कि कम उम्र में भी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता के जरिए सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं। जिला और संभाग स्तर पर सफलता के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
छात्र का यह प्रयास सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में कुछ नया करने की प्रेरणा देता है।



