दिल्ली

छठ पूजा और महिलाओं के सिंदूर पर अश्लील टिप्पणी का आरोप, कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ दिल्ली में FIR

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // छठ पूजा और बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने साकेत थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉमेडियन पर बिहार की महिलाओं की धार्मिक आस्था, वैवाहिक परंपराओं और सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी करने के आरोप हैं। इसके अलावा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी कथित आपत्तिजनक बयान देने की शिकायत की गई है।

जानकारी के मुताबिक, इस मामले में निलोत्पल मृणाल ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

साकेत के कॉमेडी क्लब में कार्यक्रम के दौरान टिप्पणी का आरोप

शिकायत के अनुसार, 24 अक्टूबर को दिल्ली के साकेत स्थित अनूपम पीवीआर के बेसमेंट में हिडन कॉमेडी क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।

आरोप है कि कार्यक्रम में बिहार की विवाहित महिलाओं के सिंदूर की लंबाई को लेकर अश्लील टिप्पणी की गई। इसके साथ ही उनकी धार्मिक मान्यताओं, वैवाहिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को लेकर भी अशोभनीय बातें कही गईं। शिकायतकर्ता ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबंध में की गई कथित टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई है।

महिलाओं की गरिमा और धार्मिक आस्था के अपमान का आरोप

शिकायतकर्ता निलोत्पल मृणाल ने पुलिस से कार्यक्रम की मूल वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मनोरंजन और हास्य के नाम पर किसी क्षेत्र की महिलाओं, उनकी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।

शिकायत में कार्यक्रम के आयोजकों और प्रस्तुति से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है।

BNS की चार धाराओं में दर्ज हुई FIR

दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत एफआईआर दर्ज की है। प्राथमिकी में फिलहाल अज्ञात आरोपियों का उल्लेख किया गया है।

पुलिस कार्यक्रम के आयोजकों, क्लब संचालकों, प्रबंधकों और प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके लिए कार्यक्रम की मूल रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, टिकट बिक्री से जुड़े विवरण और अन्य दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।

पटना साइबर थाने में भी दर्ज है मामला

इस विवाद ने बिहार में भी तूल पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार, पटना साइबर थाने में भी यश माहेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर लोगों ने कथित टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

विवाद बढ़ने पर वीडियो जारी कर मांगी माफी

लगातार बढ़ते विरोध के बीच कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद जताया और माफी मांगी। उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी के लिए क्षमा मांगी है।

हालांकि, माफी के बावजूद मामला कानूनी प्रक्रिया में आगे बढ़ चुका है। दिल्ली और पटना में दर्ज मामलों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस पूरे विवाद में किन-किन लोगों की भूमिका सामने आती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!