दिल्ली

बालेन शाह के पहले भारत दौरे पर नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज, मोदी के साथ 8 समझौतों पर हस्ताक्षर

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) की पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत से शुरू हुई। 22 से 23 नवंबर तक के भारत दौरे के दौरान सोमवार को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद हैदराबाद हाउस में दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में आर्थिक सहयोग, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, व्यापार और सीमा पार संपर्क को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

इस यात्रा का सबसे बड़ा ऐलान नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज का रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास में सहयोग का भरोसा दिलाया। दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी किया।

नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास पैकेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह के भारत दौरे के दौरान नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। भारतीय मुद्रा में इसकी राशि करीब 15 हजार करोड़ रुपये है। इसमें 5,600 करोड़ नेपाली रुपये की अनुदान सहायता नेपाल में आपदा के बाद पुनर्निर्माण और नई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए दी जाएगी। वहीं, 18,400 करोड़ नेपाली रुपये की ऋण सुविधा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए होगी।

यह सहायता नेपाल में अगस्त 2026 में आई भीषण बाढ़ से हुए नुकसान के बाद पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को गति देने के उद्देश्य से घोषित की गई है। परियोजनाओं और सहायता के क्रियान्वयन की विस्तृत प्रक्रिया दोनों देश आपसी विचार-विमर्श से तय करेंगे।

राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

द्विपक्षीय वार्ता से पहले बालेन शाह ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी की विरासत को शांति और करुणा का संदेश देने वाला बताया। बालेन शाह ने कहा कि वास्तविक नेतृत्व का अर्थ समाज के सबसे कमजोर वर्गों की निस्वार्थ सेवा करना है। उन्होंने गौतम बुद्ध की जन्मभूमि नेपाल का उल्लेख करते हुए शांति और करुणा के महत्व पर भी जोर दिया।

अयोध्या-जनकपुर रेल संपर्क को मिला बढ़ावा, कई परियोजनाओं की शुरुआत

भारत और नेपाल ने सीमा पार संपर्क तथा बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल कीं। दोनों प्रधानमंत्रियों ने महाकाली नदी पर मोटर पुल सहित विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी। भारत ने नेपाल को कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने तथा सड़क, रेल और सीमा संपर्क को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

दोनों नेताओं ने अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा का भी शुभारंभ किया। इस पहल से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार और नागरिकों की आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

भारत-नेपाल के बीच 8 समझौतों पर हस्ताक्षर

बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने आठ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • फॉरेंसिक विज्ञान और पुलिस अपराध जांच के क्षेत्र में सहयोग।
  • पुलिस प्रशिक्षण और क्षमता विकास।
  • प्रशासनिक अधिकारियों के प्रशिक्षण एवं कौशल विकास।
  • आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा।
  • सैटेलाइट संचार नेटवर्क की स्थापना।
  • सतत शहरी विकास।
  • स्वास्थ्य सेवाओं और फार्मास्यूटिकल्स के क्षेत्र में सहयोग।
  • पशुपालन एवं मत्स्य पालन के विकास में सहयोग।

इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संस्थागत सहयोग, तकनीकी आदान-प्रदान और विकास की साझेदारी को आगे बढ़ाना है।

बाढ़ के बाद नेपाल के पुनर्निर्माण में भारत करेगा सहयोग

नेपाल में अगस्त 2026 में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ था। इस आपदा के बाद भारत ने राहत और बचाव कार्यों में सहायता उपलब्ध कराई थी। बालेन शाह ने भारत की ओर से मिले मानवीय और तकनीकी सहयोग के लिए आभार जताया।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने माना कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और जनसंपर्क की मजबूत नींव पर आधारित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के विकास में भारत के निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं, बालेन शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

बालेन शाह की इस यात्रा को दोनों पड़ोसी देशों के बीच आर्थिक, सामरिक और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!