मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में मौसम का बदला मिजाज ! रात से ज्यादा दिन में सता रही ठंड, 13 जिलों में बारिश का अलर्ट

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में ठंड का असर अब रात के साथ दिन में भी महसूस होने लगा है। मौसम का मिजाज कुछ ऐसा बदला है कि कई शहरों में रात के बजाय दिन में ज्यादा ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तीन मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से पूर्वी मध्यप्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण आ रही ठंडी हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय, पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश में निम्न दबाव का क्षेत्र और ट्रफ सक्रिय है। इनके प्रभाव से अगले 24 घंटों में कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

बारिश की संभावना वाले जिलों में सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं।

वहीं जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर पड़ रहा है।

दिन के तापमान में गिरावट, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं। इसका असर प्रदेश के तापमान पर दिखाई दे रहा है। कई शहरों में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इससे दिन में भी लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है।

इन शहरों में सबसे कम रहा न्यूनतम तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया—

  • गिरवर (शाजापुर) – 11.5 डिग्री सेल्सियस
  • बैतूल – 11.7 डिग्री सेल्सियस
  • नौगांव – 13.2 डिग्री सेल्सियस
  • मरुखेड़ा (नीमच) – 13.4 डिग्री सेल्सियस
  • खरगोन – 13.4 डिग्री सेल्सियस
  • नरसिंहपुर – 13.4 डिग्री सेल्सियस
  • ग्वालियर – 13.5 डिग्री सेल्सियस
  • रतलाम – 14.2 डिग्री सेल्सियस
  • भोपाल – 14.6 डिग्री सेल्सियस
  • धार – 14.8 डिग्री सेल्सियस

मौसम के इस बदले मिजाज के बीच प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश और अन्य क्षेत्रों में ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश में सर्दी और बढ़ने के संकेत हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!