Blog

बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर में फंसी कार को घसीटता रहा चालक, युवती की मौत, 8 घायल

रायपुर से चैतुरगढ़ घूमने जा रहे थे 10 युवक-युवतियां; झपकी आने से कार चालक ने खोया नियंत्रण, हादसे का वीडियो आया सामने

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलपारा के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर में फंस गई। इसके बावजूद ट्रेलर चालक कार को काफी दूर तक घसीटता ले गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार की छुट्टी मनाने चैतुरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान बेलपारा के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

झपकी आने से हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो गया और कार सीधे ट्रेलर में जा घुसी। स्थानीय लोगों की सूचना पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार को घसीटता रहा ट्रेलर चालक

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंसी दिखाई दे रही है। इसके बावजूद ट्रेलर चालक वाहन को आगे बढ़ाता रहा और कार सड़क पर घिसटती चली गई। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग यह दृश्य देखकर हैरान रह गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!